नयी दिल्ली , अप्रैल 16 -- अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता के विफल होने के बाद होरमुज जलडमरूमध्य को समुद्री जहाजों के लिए खोले जाने के लिए अलग-अलग स्तर पर किये जा रहे प्रयासों के बीच फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ पश्चिम एशिया की स्थिति पर बातचीत की।

इससे कुछ दिन पहले ही अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी श्री मोदी के साथ पश्चिम एशिया और होरमुज जलडमरूमध्य के बारे में बात की थी।

श्री मोदी ने श्री मैक्रों के साथ बातचीत के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा , " मेरे प्रिय मित्र राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों का फोन आया। हमने पश्चिम एशिया की स्थिति पर चर्चा की और होरमुज़ जलडमरूमध्य में सुरक्षा तथा नौवहन की स्वतंत्रता को शीघ्र बहाल करने की आवश्यकता पर सहमति व्यक्त की। हम क्षेत्र और उससे आगे शांति और स्थिरता को आगे बढ़ाने के लिए अपना घनिष्ठ सहयोग जारी रखेंगे।"उल्लेखनीय है कि ईरान के साथ शांति वार्ता विफल होने के बाद से अमेरिका ने ईरान के बंदरगाहों की घेराबंदी कर रखी है जिससे कि इन बंदरगाहों पर समुद्री जहाजों का आवागमन न हो सके।

अमेरिका का कहना है कि उसने यह कदम होरमुज जलडमरूमध्य को सभी के लिए खोलने के उद्देश्य से यह कदम उठाया है।

ईरान पर अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमलों के बाद ईरान ने होरमुज जलडमरूमध्य से समुद्री जहाजों के आवागमन को बाधित किया हुआ है जिससे दुनिया भर में ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित