जालंधर , जुलाई 17 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को हरियाणा, केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ और पंजाब के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री करीब 26,800 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और राष्ट्र को समर्पित करेंगे। कार्यक्रमों में रेलवे, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, सांस्कृतिक विरासत और हरित परिवहन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।

श्री मोदी आज शाम को जालंधर पहुंचेंगे, जहां वह 5,470 करोड़ रुपये से अधिक की रेल और सड़क अवसंरचना परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे। राजनीतिक रूप से अहम दोआबा क्षेत्र में यह उनका पिछले साढ़े पांच महीनों में दूसरा दौरा होगा। इससे पहले वह एक फरवरी को भी जालंधर आए थे।

इसके बाद अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 20 राज्यों के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे। लगभग 1,570 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इन स्टेशनों में आधुनिक सुविधाओं के साथ स्थानीय संस्कृति और विरासत की झलक भी देखने को मिलेगी। इसके अलावा प्रधानमंत्री 830 करोड़ रुपये की लागत से तैयार दौलतपुर चौक-करतोली नई रेल लाइन का उद्घाटन करेंगे, जिससे पंजाब और हिमाचल प्रदेश के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा। वह करतोली-अंबाला रेल सेवा और अमृतसर (छेहर्टा)-वाराणसी रेल सेवा को भी हरी झंडी दिखाएंगे।

राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के तहत प्रधानमंत्री 3,070 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इनमें दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के 30.9 किलोमीटर लंबे पैकेज-6 का उद्घाटन तथा दक्षिणी लुधियाना ग्रीनफील्ड बाईपास की आधारशिला शामिल है।

हरियाणा के जींद में श्री मोदी लगभग 14,700 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इस दौरान वह देश की पहली हाइड्रोजन फ्यूल सेल ट्रेन को जींद और सोनीपत के बीच हरी झंडी दिखाएंगे। यह ट्रेन शून्य कार्बन उत्सर्जन वाली होगी और इससे केवल जलवाष्प का उत्सर्जन होगा। प्रधानमंत्री कुरुक्षेत्र में सिख संग्रहालय की आधारशिला भी रखेंगे। इस संग्रहालय में आधुनिक तकनीक के माध्यम से सिख गुरुओं की शिक्षाओं, उनके बलिदान और भारतीय संस्कृति में सिख समुदाय के योगदान को प्रदर्शित किया जाएगा।

चंडीगढ़ में श्री मोदी 6,600 करोड़ रुपये से अधिक की स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क अवसंरचना परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। वह पीजीआईएमईआर में एडवांस्ड मदर एंड चाइल्ड सेंटर और एडवांस्ड न्यूरोसाइंसेज सेंटर का भी उद्घाटन करेंगे। साथ ही 150 बिस्तरों वाले क्रिटिकल केयर ब्लॉक की आधारशिला भी रखेंगे।

इसके अलावा पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज और गवर्नमेंट कॉलेज, सेक्टर-46 में नए छात्रावासों सहित कई शैक्षणिक परियोजनाओं की भी शुरुआत होगी।प्रधानमंत्री मोहाली आईटी सिटी-कुराली छह लेन ग्रीनफील्ड हाईवे का उद्घाटन करेंगे। साथ ही जीरकपुर ग्रीनफील्ड बाईपास और अंबाला-चंडीगढ़ ग्रीनफील्ड हाईवे (एनएच-205ए) के पीआर-7 कॉरिडोर की आधारशिला रखेंगे। इन परियोजनाओं से पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के बीच संपर्क और बेहतर होगा।

प्रधानमंत्री का जालंधर दौरा राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दलित राजनीति के प्रभाव वाले दोआबा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी लगातार अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है। ऐसे में इस दौरे को विकास परियोजनाओं के साथ-साथ 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों की रणनीति से भी जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री अपने संबोधन में राज्य के विकास, केंद्र सरकार की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा कर सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित