रायबरेली , मई 20 -- लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रायबरेली दौरे के दूसरे दिन बुधवार को केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए देश में "आर्थिक तूफान" आने की आशंका जताई। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर देश की आर्थिक व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाया। राही ब्लॉक के लोधवारी में महाबली वीरा पासी की प्रतिमा के अनावरण के बाद आयोजित 'बहुजन स्वाभिमान जनसभा' को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि देश की जनता को त्याग और बचत की सलाह दी जा रही है, जबकि सत्ता में बैठे लोग विलासिता का जीवन जी रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि आम लोगों को सोना न खरीदने, विदेश यात्राएं कम करने और इलेक्ट्रिक वाहन अपनाने की सलाह दी जाती है, लेकिन सरकार के शीर्ष नेता स्वयं महंगे विमानों से विदेश यात्राएं करते हैं।

कांग्रेस सांसद ने बढ़ती महंगाई को लेकर भी केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में खाद, पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस, दाल और चावल जैसी आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में और वृद्धि हो सकती है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि देश की आर्थिक बुनियाद के साथ खिलवाड़ किया गया है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ेगा।

सभा के दौरान राहुल गांधी ने दावा किया कि पेट्रोल और गैस की कोई कमी नहीं है, इसके बावजूद कीमतें लगातार बढ़ाई जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि देश से पेट्रोल बाहर भेजा जा रहा है और उससे होने वाले लाभ का इस्तेमाल राजनीतिक फंडिंग में किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित