मोतिहारी , मई 10 -- बिहार में मोतिहारी के बापूधाम रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और चाइल्ड लाइन की संयुक्त कार्रवाई में बाल तस्करी के संदेह में 21 बच्चों को मुक्त कराने के साथ इस मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है।

आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को यहां बताया कि शनिवार शाम एक युवक 21 बच्चों को लेकर बापूधाम मोतिहारी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-दो पर अवध एक्सप्रेस पकड़ने पहुंचा था। इसी दौरान बच्चों के साथ संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर आरपीएफ और चाइल्ड लाइन की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सभी बच्चों को अपने संरक्षण में ले लिया।

सूत्रों ने बताया कि मुक्त कराए गए बच्चों की उम्र करीब पांच से नौ वर्ष के बीच है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बच्चे झारखंड और भागलपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं। बच्चों के साथ मौजूद युवक की पहचान झारखंड के रांची जिले के महुआजाड़ी थाना क्षेत्र निवासी फोन्सिस किस्पोटा के रूप में की गई है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपित युवक पिछले पांच से छह महीने से मोतिहारी के चांदवारी मोहल्ले में किराए के मकान में रह रहा था और बच्चों को भी वहीं रखे हुए था। फिलहाल आरपीएफ और पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित