मोतिहारी , अक्टूबर 20 -- बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के मुख्यालय मोतिहारी स्थित ऐतिहासिक गांधी मैदान में मंगलवार को 80 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। इस अवसर पर सांसद एवं पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह ने सामाजिक कुरीतियों, भ्रष्टाचार, नशाखोरी, महिला असम्मान और अपराधियों को संरक्षण देने जैसी बुराइयों को आधुनिक रावण का प्रतीक बताते हुए इनके खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया।

इससे पहले ज्ञानबाबू चौक से भगवान श्रीराम और रावण की सेनाओं का जुलूस निकाला गया, जो नगर भ्रमण करते हुए गांधी मैदान पहुंचा। रावण दहन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने कहा कि गांधी मैदान सनातनी विरासत और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है। ऐतिहासिक मोतिहारी की इसी धरती से महात्मा गांधी ने सत्याग्रह के माध्यम से दमनकारी सत्ता को चुनौती दी थी। भगवान श्रीराम की विजय का यह उत्सव सत्य, न्याय और मर्यादा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।उन्होंने कहा कि रावण अत्यंत ज्ञानी और शक्तिशाली होने के बावजूद अहंकार, चरित्रहीनता और मर्यादा के उल्लंघन के कारण विनाश को प्राप्त हुआ। वहीं, भगवान श्रीराम ने समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर अधर्म पर विजय प्राप्त की। यही आदर्श रामराज्य की आधारशिला है।

श्री सिंह ने कहा कि आज सामाजिक कुरीतियां, नशाखोरी, भ्रष्टाचार, महिलाओं के प्रति असम्मान, जाति-मजहब के नाम पर विभाजन तथा अपराधियों को संरक्षण देना आधुनिक रावण के समान है। रावण दहन की वास्तविक सार्थकता केवल पुतला जलाने में नहीं, बल्कि अपने भीतर के अहंकार, द्वेष और संकीर्णता को समाप्त करने के संकल्प में है।उन्होंने सुरक्षित समाज के निर्माण, महिला सम्मान, युवाओं को अवसर उपलब्ध कराने और सामाजिक सौहार्द मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में उनका संकल्प मोतिहारी का सर्वांगीण विकास करना और शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी सुविधाओं, किसानों की समृद्धि तथा युवाओं के स्वावलंबन के माध्यम से विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने लोगों से राष्ट्रभक्ति, समाज सेवा और आपसी भाईचारे को मजबूत करने की अपील की।

कार्यक्रम में मोतिहारी विधायक प्रमोद कुमार, उप महापौर डॉ. लालबाबू प्रसाद, जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव, पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात सहित अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी, नगर निगम के पार्षद और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित