मोतिहारी , जुलाई 30 -- बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के घोड़ासहन थाना क्षेत्र में गुरुवार को बाइक सवार अपराधियों ने एक सीएसपी संचालक को गोली मारकर उनके पास से 4.28 लाख रुपये लूट लिए।इस घटना के बाद पुलिस ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि घोड़ासहन थाना क्षेत्र के महुआई मुर्शिदा गांव निवासी सीएसपी संचालक मुकेश कुमार निमुइया स्थित भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) शाखा से 4.28 लाख रुपये निकालकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान बगहा पोखर के समीप बाइक सवार तीन अपराधियों ने उनका पीछा कर रोकने का प्रयास किया और विरोध करने पर उनके दाहिने हाथ में गोली मार दी। इसके बाद रुपये से भरा बैग लेकर अपराधी फरार हो गए।

इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों ने घायल मुकेश कुमार को तत्काल रहमानिया मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई है।

परिजनों के अनुसार वर्ष 2020 में भी मुकेश कुमार लूट की घटना के शिकार हुए थे। उस समय अपराधियों ने उनसे लगभग 83 हजार रुपये लूट लिए थे।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि सीएसपी संचालक को गोली मारकर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया है। मामले के उद्भेदन और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। डीएसपी, स्थानीय थाना पुलिस तथा डीआईयू की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर जांच कर रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित