मोतिहारी , मई 09 -- िहार के पूर्वी चंपारण जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थिति में पेड़ से लटका मिला है। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि मठलोहियार वार्ड संख्या-07 निवासी 24 वर्षीय अजय कुमार पटेल का शव घर से करीब 400 मीटर दूर एक घास की झोपड़ी के समीप पेड़ से लटका मिला। सुबह ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम और हरसिद्धि थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतक के परिजनों ने इसे हत्या करार देते हुए आरोप लगाया कि अजय की हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया गया।

सूत्रों ने बताया कि कुछ दिनों पूर्व मृतक की गांव की ही एक महिला के साथ तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। इसके बाद महिला के पति द्वारा अजय को धमकी दिए जाने की बात सामने आई थी। पुलिस इस बिंदु को भी जांच में शामिल कर रही है। अजय, पंजाब में दर्जी का कार्य करता था और दो दिन पहले ही गांव आया था। हरसिद्धि थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जिस महिला के साथ मृतक की तस्वीर वायरल हुई थी, उसे पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित