मोतिहारी, अक्टूबर 15 -- िहार के पूर्वी चंपारण जिला मुख्यालय मोतिहारी में अपराधियों ने दिनदहाड़े एक सरकारी कर्मचारी के घर में घुसकर करीब 50 लाख रुपये मूल्य के आभूषण और नकदी लूट लिये। पुलिस सूत्रों ने बताया कि हथियार के बल पर पांच से छह बदमाशों ने घर में मौजूद उनकी पत्नी, पुत्री और छोटे बेटे को बंधक बनाकर वारदात को अंजाम दिया। यह घटना गुरुवार की शाम एकौना मानसपूरी स्थित सिंह द्वार के पास हुई। पीड़ित अनिल गुप्ता मोतिहारी के ग्रामीण कार्य विभाग (आरईओ) कार्यालय में लेखापाल के पद पर कार्यरत हैं। घटना के समय घर में उनकी पत्नी, पुत्री और छोटा बेटा ही मौजूद थे।

जानकारी के अनुसार, पांच से छह की संख्या में पहुंचे हथियारबंद बदमाशों ने पिस्टल के बल पर तीनों को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद घर में रखे आभूषण और नकदी लूटकर फरार हो गये। लूटे गये सामान की कुल कीमत करीब 50 लाख रुपये बतायी जा रही है।

वारदात के दौरान बदमाशों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का हार्ड डिस्क भी उखाड़ लिया। वे मोबाइल फोन और उसमें लगा सिम कार्ड भी अपने साथ ले गये। इससे घर के भीतर की गतिविधियों से संबंधित साक्ष्य जुटाने में पुलिस के सामने चुनौती खड़ी हो सकती है। हालांकि, पुलिस आसपास के अन्य सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर अपराधियों की पहचान करने में जुटी है।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। नगर थाना पुलिस तथा जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) की टीम घटनास्थल पर मौजूद है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच करने के साथ अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बताया कि बलुआ लूट मामले की छानबीन की जा रही है। नगर थाना और डीआईयू की टीम घटनास्थल पर मौजूद है। उन्होंने प्रथम दृष्टया मामले को संदेहास्पद बताते हुए कहा कि पुलिस सभी पहलुओं पर गहराई से जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित