मोतिहारी , अगस्त 30 -- बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी और बिहार सरकार के मंत्री संतोष कुमार सुमन ने हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) की ओर से रविवार को मोतिहारी में आयोजित 'गरीब चौपाल' में गरीब एवं वंचित वर्गों के अधिकार तथा आरक्षण व्यवस्था में बदलाव का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।

श्री मांझी ने आरक्षण में संशोधन के मुद्दे पर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान पर निशाना साधा और कहा कि उनकी पार्टी 'हम' गरीबों की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने कहा कि जो लोग ''सोने का चम्मच मुंह में लेकर पैदा हुए हैं'', उन्हें आरक्षण में संशोधन की मांग से परेशानी होना स्वाभाविक है। उन्होंने गरीब एवं वंचित वर्गों के हित में आरक्षण व्यवस्था में बदलाव की आवश्यकता दोहराई।

श्री सुमन ने कहा कि आरक्षण में बंटवारा होना चाहिए, जिससे वंचित वर्गों को उनका अधिकार मिल सके। उन्होंने कहा कि किसी के डराने या दबाव बनाने से वह पीछे हटने वाले नहीं हैं और जनता उनके साथ है। उन्होंने कहा कि मोतिहारी से इस अभियान का बिगुल फूंका गया है और गरीबों के अधिकारों की लड़ाई जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित