मोतिहारी , सितंबर 17 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर मोतिहारी में चरखा पार्क के पीछे नवनिर्मित दीनदयाल भवन में उनकी सिलिकॉन प्रतिमा स्थापित की गई है। प्रतिमा के साथ सेल्फी लेने के लिए शहरवासियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचकर 'सेल्फी विद मोदी जी' अभियान में भाग ले रहे हैं।इस अवसर पर मोतिहारी के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री राधा मोहन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करोड़ों भारतीयों के लिए नए भारत के संकल्प, सेवा और विकास की प्रेरणा हैं। उनकी सिलिकॉन प्रतिमा को देखकर ऐसा अनुभव होता है, मानो उनके व्यक्तित्व और विचारों से साक्षात्कार हो रहा हो।
श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों में सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की जो यात्रा तय की है, वह देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके नेतृत्व में भारत ने आत्मविश्वास के साथ विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के संकल्प की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है।उन्होंने कहा कि दीनदयाल भवन में स्थापित प्रतिमा प्रधानमंत्री के व्यक्तित्व और विचारों के प्रति लोगों के सम्मान एवं आत्मीय जुड़ाव का प्रतीक है। यह स्थान मोतिहारीवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बन रहा है, जहां लोग परिवार और मित्रों के साथ पहुंचकर प्रतिमा के साथ सेल्फी लेकर इस विशेष अवसर की स्मृतियां संजो सकते हैं।
सांसद ने मोतिहारीवासियों से चरखा पार्क के पीछे स्थित नवनिर्मित दीनदयाल भवन पहुंचकर 'सेल्फी विद मोदी जी' अभियान का हिस्सा बनने का आह्वान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित