चुरु , अक्टूबर 01 -- राजस्थान में चूरू जिले के भालेरी थाना क्षेत्र में बुधवार को भालेरी-गलगटी मार्ग पर ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से मोटर साइकिल पर सवार एक युवती सहित तीन लोगों की मौत हो गयी।

पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि मृतकों की शिनाख्त लालचंद (40), सुरेंद्र (20) और माला (22) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि शाम को तीनों मोटर साइकिल से जा रहे थे कि उनके आगे जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से वे टकरा गये। इससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गये। उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भालेरी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि तीनों शव पोस्टमॉर्टम के लिए राजकीय अस्पताल तारानगर भिजवाए गए हैं। घटना की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित