नोएडा , जून 13 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा जोन सेक्टर-20 थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर चोरी की ग्यारह मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। साथ ही एक आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है।

पुलिस ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि सेक्टर 20 थाना पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर थाना क्षेत्रांतर्गत सेक्टर-28 में अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने सोनू हलदर (23) और नाजिम (20) को गिरफ्तार किया। पूछताछ और निशानदेही के आधार पर पुलिस ने चोरी की ग्यारह मोटरसाइकिलें बरामद कीं, जिनमें दिल्ली और गौतमबुद्धनगर से चोरी की गई कई बाइक शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि अभियुक्त सोनू हलदर के कब्जे से एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है। इस संबंध में सेक्टर-20 थाना में बीएनएस की धारा एवं आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

बरामद मोटरसाइकिलों में दिल्ली और नोएडा से चोरी किए गए वाहन शामिल हैं। इनमें ज्योति नगर, न्यू अशोक नगर, बदरपुर और समयपुर बादली थाना क्षेत्रों से चोरी की गई बाइकें भी शामिल हैं। पुलिस अन्य बरामद वाहनों के संबंध में जानकारी जुटाने और उनके वास्तविक मालिकों की पहचान करने में लगी हुई है।

दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। सोनू हलदर के खिलाफ पूर्व में चोरी, अवैध हथियार और आबकारी अधिनियम से संबंधित तीन मुकदमे दर्ज हैं। वहीं नाजिम पर चोरी और आर्म्स एक्ट के तहत कई मामले दर्ज पाए गए हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा चोरी की मोटरसाइकिलों को कहां और किस माध्यम से बेचा जाता था। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में कई और महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित