सागर , जून 17 -- मध्यप्रदेश के सागर जिले में बीना थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार दो कथित गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1.405 किलोग्राम अवैध गांजा तथा एक मोटरसाइकिल जब्त की है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार सूचना मिली थी कि सफेद रंग की मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी-15-एनसी-2094 से दो व्यक्ति शब्दा पुलिया के पास अवैध मादक पदार्थ गांजा लेकर बिक्री के उद्देश्य से आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ा।

तलाशी के दौरान गोकल अहिरवार निवासी ग्राम रगोली, थाना सानौधा तथा हीरालाल अहिरवार निवासी भीम वार्ड, बीना के कब्जे से मोटरसाइकिल की डिक्की में रखा 1 किलोग्राम 405 ग्राम गांजा बरामद किया गया। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत लगभग एक लाख 40 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 60 हजार रुपये है। आरोपियों के विरुद्ध नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित