रायसेन , अगस्त 23 -- मध्यप्रदेश में रायसेन जिले में भोपाल रोड स्थित नीमखेड़ा में रविवार दोपहर बड़ी दुर्घटना टल गई। जब मोटरसाइकिल सवारों को बचाने के प्रयास में भोपाल की ओर से आ रही बस अनियंत्रित होकर पेट्रोल पंप के पास डिवाइडर से जा टकराई। दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवारों और बस में सवार कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। किसी को गंभीर चोट नहीं लगी।

बताया गया कि त्योहार के चलते 50 सीटर बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे। बस के बाइक सवारों को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होने के बाद डिवाइडर से टकराने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि बड़ा हादसा होने से टल गया।

दुर्घटना का पूरा घटनाक्रम पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। सूचना मिलने पर सैंडोरा चौकी प्रभारी शैलेंद्र दायमा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बस में सवार यात्रियों से घटना की जानकारी ली। वही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित