अलवर , मई 19 -- राजस्थान में अलवर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में ललावड़ी गांव में मंगलवार सुबह मोटरसाइकिल पर थूकने की बात को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस सू्त्रों ने बताया कि सुबह सुनील अपने घर के पास खड़ा हुआ था। इसी दौरान उसकी मोटरसाइकिल पर किसी ने थूक दिया। जब सुनील ने इस बारे में पूछा तो गांव की बादामी नाम की महिला गुस्से में आ गई और उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

आरोप है कि बादामी ने अपने परिजनों बच्चू ज्योति और लोकेश को भी मौके पर बुला लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर सुनील के साथ मारपीट की। लोकेश ने कुल्हाड़ी से सुनील के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। आरोपी युवक को अधमरा छोड़कर मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर परिजन घायल युवक को तुरंत रामगढ़ अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे अलवर जिला अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित