चंडीगढ़ , अक्टूबर 23 -- शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता एवं वरिष्ठ अधिवक्ता रमेश ग्रोवर शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए।
पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने उनका पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि श्री ग्रोवर के आने से मोगा और आसपास के क्षेत्रों में पार्टी को मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर मोगा के जिला अध्यक्ष हरजोत कमल भी मौजूद थे। श्री ग्रोवर अकाली दल में शामिल होने से पहले आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष और फरीदकोट जोन के कानूनी प्रकोष्ठ के प्रभारी रह चुके हैं। उन्होंने 2017 में आप के टिकट पर मोगा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव भी लड़ा था। इसके अलावा, वह कई बार काउंसिल के अध्यक्ष रह चुके हैं।
श्री ढिल्लों ने कहा कि श्री ग्रोवर ने कानूनी क्षेत्र के साथ-साथ सामाजिक और राजनीतिक जीवन में भी अपनी पहचान बनाई है। लोगों के बीच लंबे समय से सक्रिय रहने के कारण उन्होंने अपना अलग स्थान बनाया है। उनका अनुभव और जनसंपर्क पार्टी के लिए उपयोगी साबित होगा।
उन्हाेंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की प्रगति और भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर विभिन्न क्षेत्रों के लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा में शामिल होने वाले प्रत्येक नेता और कार्यकर्ता को पूरा मान-सम्मान दिया जाता है। पार्टी का उद्देश्य पंजाब की प्रगति, खुशहाली और जनकल्याण के लिए काम करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि श्री ग्रोवर पार्टी की नीतियों को लोगों तक पहुंचाने और पंजाब की बेहतरी के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। श्री ढिल्लों ने दावा किया कि जनता के समर्थन और विश्वास के आधार पर भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में पंजाब में बहुमत हासिल कर सरकार बनाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित