चंडीगढ़ , जुलाई 21 -- पंजाब पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए मोगा में कथित आतंकवादी साजिश का पर्दाफाश किया है।
पुलिस ने इस मामले में 17 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी), विस्फोटक सामग्री, एक इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर तथा मैगजीन सहित नौ एमएम ग्लॉक पिस्तौल बरामद की है।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने मंगलवार को बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, इस साजिश का कथित मास्टरमाइंड इकबाल सिंह उर्फ रवि ढालीवाल, जो वर्तमान में ब्रिटेन (यूके) में रह रहा है और आपराधिक गतिविधियों में कथित रूप से शामिल है, बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक उसके निर्देश पर आरोपियों ने मोगा के थाना सदर पर ग्रेनेड हमला किया था तथा फिरोजपुर से जम्मू जाने वाली ट्रेन में आईईडी लगाने की साजिश भी रची थी।
श्री यादव ने कहा कि पुलिस ने इस मामले में थाना सदर, मोगा में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए), विस्फोटक अधिनियम तथा सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान की रोकथाम अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के साथ-साथ इसमें शामिल अन्य सहयोगियों की पहचान की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित