दीमापुर , सितंबर 26 -- नागालैंड के मोकोकचुंग जिले में संदिग्ध जहरीली शराब पीने से अब तक आठ लोगों की मौत हो गयी है।

जिला उपायुक्त (डीसी) अजीत कुमार वर्मा ने शनिवार को पुलिस और जिला प्रशासन के साथ आयोजित एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मोकोकचुंग शहर सहित सभी उप-मंडलों में पुलिस और जिला प्रशासन के संयुक्त छापेमारी अभियान में शराब बेचने के आरोप में 19 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि जब्त शराब को नष्ट कर दिया जायेगा और इस मामले में प्रशासन की जीरो टॉलरेंस अपनाने की नीति है।

जिले में जहरीली शराब पीने से मौतों का पहला मामला 24 सितंबर को मंगकोलेम्बा क्षेत्र से सामने आया था, जहां चार लोगों की जान चली गयी थी। इसके बाद 25 सितंबर को मंगकोलेम्बा और पुलिस स्टेशन-II क्षेत्र में दो-दो और मौतें दर्ज की गयी, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर आठ हो गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित