हैदराबाद , अगस्त 29 -- मॉरीशस के लोक सेवा एवं प्रशासनिक सुधार मंत्री लक्षमुना पेंटियाह ने शनिवार को यहां प्रशासनिक स्टाफ कॉलेज ऑफ इंडिया (एएससीआई) का दौरा किया और मॉरीशस के अटल बिहारी वाजपेयी लोक सेवा एवं नवाचार संस्थान (एआईपीएसआई) तथा एएससीआई के बीच प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण और अनुसंधान के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की।
श्री पेंटियाह के साथ मॉरीशस के लोक सेवा सचिव देवेंद्र गोपाल और एआईपीएसआई के रजिस्ट्रार रमेश दुबर्री भी थे। मॉरीशस के प्रतिनिधिमंडल ने एएससीआई के बेला विस्टा परिसर के दौरे के दौरान दोनों संस्थानों के बीच प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण और अनुसंधान को लेकर सहयोग की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया।
श्री पेंटियाह ने बताया कि एआईपीएसआई एक नीति अनुसंधान प्रयोगशाला भी विकसित कर रहा है और ऐसे में दोनों संस्थानों के बीच सहयोग की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा, "हम सार्वजनिक क्षेत्र की क्षमता मजबूत करने, प्रशिक्षण और नीति अनुसंधान के क्षेत्र में एएससीआई के साथ महत्वपूर्ण सहयोग की संभावनाएं देखते हैं।"दोनों संस्थानों के बीच सहयोग को औपचारिक रूप देने के लिए आने वाले महीनों में समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए जाने की संभावना है।
एएससीआई के महानिदेशक एन. रमेश कुमार ने मॉरीशस के प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। एएससीआई के अध्यक्ष के. पद्मनाभैया ने प्रतिनिधिमंडल को संस्थान के इतिहास तथा कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कार्यकारी प्रशिक्षण, अनुसंधान, परामर्श और केंद्र तथा राज्य सरकारों के लिए नीति संबंधी सलाह के क्षेत्र में संस्थान की भूमिका के बारे में बताया।
एएससीआई के अधिकारियों ने अपने कार्यकारी शिक्षा, अनुसंधान और परामर्श विभागों की संरचना और कार्यक्षेत्र की भी जानकारी दी। उन्होंने सरकारी संगठनों के लिए कार्य करते हुए गुणवत्ता और स्वतंत्रता बनाए रखने के संस्थान के दृष्टिकोण पर भी चर्चा की।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने नीति आयोग के लिए एएससीआई की ओर से हाल में किए गए सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) की योजनाओं से संबंधित अध्ययन के अनुभव भी साझा किए। इसके अलावा विश्व बैंक और एशियाई विकास बैंक सहित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के साथ एएससीआई की साझेदारी की जानकारी भी दी गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित