गरियाबंद , अक्टूबर 07 -- छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में मैनपुर पुलिस और विशेष टीम ने गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दस किलो गांजा के साथ राजस्थान के एक युवक को गिरफ्तार किया है।

पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक युवक दोपहिया वाहन पर गांजा लेकर मैनपुर क्षेत्र से गुजर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस और विशेष टीम ने निगरानी बढ़ाकर राजस्थान पंजीयन वाले संदिग्ध दोपहिया वाहन को रोककर तलाशी ली। इस दौरान युवक के पास रखे बैग से करीब 10 किलो गांजा बरामद किया गया।

पुलिस ने आरोपी की पहचान राजस्थान निवासी रोहित बैरवा (20), पिता नंदकिशोर बैरवा के रूप में की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ओडिशा की ओर से गांजा लेकर राजस्थान जाने की तैयारी में था।

पुलिस ने बरामद गांजा और तस्करी में प्रयुक्त दोपहिया वाहन जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20 (बी) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

उल्लेखनीय है कि ओडिशा सीमा से लगे गरियाबंद जिले में गांजा तस्करी के लिए लगातार अलग-अलग तरीके अपनाए जाने के मामले सामने आ रहे हैं। इससे पहले यात्री बसों में चावल की बोरियों और आइस बॉक्स में गांजा छिपाकर ले जाने के मामलों में भी पुलिस कार्रवाई कर चुकी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित