मैनपुरी , मार्च 22 -- उत्तर प्रदेश में आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार को मैनपुरी जिले के 57 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.सी. गुप्ता ने कहा कि प्रत्येक मरीज को समय पर उपचार उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने केंद्रों पर पेयजल, बैठने की व्यवस्था और पंखों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रभारी जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी रवींद्र सिंह गौर ने बताया कि आयोजित मेलों में कुल 1721 मरीजों का उपचार किया गया। इस दौरान 10 आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाए गए तथा 18 गर्भवती महिलाओं का एएनसी चेकअप किया गया।
इसके अलावा 273 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण, 23 मरीजों की नेत्र जांच और 293 त्वचा रोगियों का उपचार कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। अधिकारियों ने अधिक से अधिक लोगों से इन मेलों का लाभ उठाने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित