मैनपुरी , अक्टूबर 21 -- उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी का पर्दाफाश करते हुए करीब 14 लाख रुपये कीमत की 202 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की है। बेवर थाना पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में शराब से लदी आयशर डीसीएम को पकड़कर चालक को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर संयुक्त टीम ने जीटी रोड पर इटावा रोड कट के पास मझोला नहर के निकट घेराबंदी कर संदिग्ध डीसीएम को रोका। तलाशी के दौरान वाहन में धान के भूसे और प्लास्टिक के बोरों के नीचे छिपाकर रखी गई शराब की पेटियां मिलीं। बरामद शराब में रॉयल स्टैग और मैकडॉवेल्स नंबर-1 ब्रांड की पंजाब मार्का शराब शामिल है।
पुलिस ने हरियाणा के पानीपत निवासी चालक फूलकूराम को गिरफ्तार किया है, जबकि हिमाचल प्रदेश निवासी ललित कुमार की तलाश की जा रही है। पूछताछ में चालक ने कथित तौर पर बताया कि शराब पंजाब से लादकर बिहार के समस्तीपुर ले जाई जा रही थी। बिहार में शराबबंदी के कारण इसे ऊंचे दामों पर बेचने की योजना थी। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में एक बोतल करीब दो हजार रुपये में बेचने की बात भी सामने आई है।
पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार चालक को न्यायालय में पेश कर दिया है। फरार आरोपी की तलाश के साथ ही शराब तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित