मैनपुरी , जुलाई 13 -- उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में सोमवार को निर्माणाधीन मकान पर काम के दौरान 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से सेवानिवृत्त पूर्व सैनिक की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, सदर कोतवाली क्षेत्र के बाईपास रोड स्थित निर्माणाधीन मकान पर दन्नाहार थाना क्षेत्र के नगला कोडर निवासी गजेंद्र सिंह (40) पिलर से सरिया निकाल रहे थे। इसी दौरान सरिया ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से छू गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी ग्रुप कैप्टन आर. के. शर्मा ने अस्पताल पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने जिले में हाईटेंशन लाइनों की सुरक्षा व्यवस्था और विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर चिंता जताई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित