मैनपुरी , अप्रैल 27 -- उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के घिरोर थाना क्षेत्र में ब्लॉक मुख्यालय के पास स्थित एक पशु बाड़े में एक सिरफिरे युवक ने घुसकर सो रहे गोवंश पर फावड़े से हमला कर दिया, जिससे चार गायों और तीन बछड़ों की मौत हो गई। घटना से पशुपालकों को करीब साढ़े तीन लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। पशु बाड़े की देखरेख करने वाले पवन निवासी लपगंवा ने बताया कि रात करीब डेढ़ बजे एक युवक अचानक बाड़े में दाखिल हुआ और वहां सो रहे गोवंश पर फावड़े से ताबड़तोड़ वार करने लगा। चीख-पुकार सुनकर पास ही सो रहे मोनू यादव ने युवक को रोकने का प्रयास किया, तो आरोपी ने उन पर भी हमला करने की कोशिश की।
मोनू यादव ने साहस दिखाते हुए आरोपी से फावड़ा छीनकर बाहर फेंक दिया, जिससे आगे की बड़ी घटना टल गई। माधव तिवारी ने बताया कि इस हमले में सात गोवंश की मौत हो गई, जिन्हें बाद में दफना दिया गया। वहीं तीन अन्य गोवंश भी घायल हुए हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद इलाके में भारी रोष व्याप्त है और स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है।
पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है तथा रात में गौवंश के बाड़े में घुसने वाले युवक की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित