मैनपुरी , फरवरी 20 -- उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में करहल थाना क्षेत्र के सैफई बाईपास मार्ग पर शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई जब एक बाइक सवार अज्ञात हमलावर ने सब्जी विक्रेता को गोली मार दी और मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार ग्राम एमनपुर निवासी दशरथ पुत्र अजुद्दी फेरी लगाकर सब्जी बेचते हैं। शुक्रवार को वह किरथुआ मंडी से सब्जी खरीदकर अपनी मोपेड से गांव लौट रहे थे। जैसे ही वह एमनपुर कट के पास पहुंचे, तभी पीछे से आए अज्ञात बाइक सवार ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली उनके पैर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी (सीओ) ने मौके का निरीक्षण किया। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) राहुल मिठास ने बताया कि हमलावर की गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस को तहरीर मिलने का इंतजार है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा करने का दावा किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित