मैनपुरी , फरवरी 15 -- उत्तर प्रदेश में मैनपुरी जिले के घिरोर क्षेत्र के ढकरई गांव में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक विशालकाय मगरमच्छ रिहायशी इलाके में घुस आया। अचानक मगरमच्छ को देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।

बताया गया कि मगरमच्छ ने एक गाय के बछड़े पर हमला कर उसे अपना निवाला बनाने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों की सतर्कता से बछड़े की जान बच गई। घटना की सूचना तुरंत डायल 112 के माध्यम से पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात का जायजा लेने के बाद वन विभाग को सूचित किया। इसके बाद वन विभाग की विशेष टीम ने गांव पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

कई घंटों की मशक्कत के बाद करीब 150 किलोग्राम वजनी मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया गया। वन कर्मियों ने ट्रैक्टर की मदद से मगरमच्छ को उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया। मगरमच्छ के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित