मैनपुरी, मई 2 -- मैनपुरी के जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी की अनूठी पहल के तहत ग्राम अकबरपुर बीकू के मजरे बखरिया में मृतक दफेदार के परिवार को संवेदना दी गई। जिलाधिकारी ने स्वयं पहुंचकर मृतक की पत्नी रन्नो देवी को संवेदना पत्र, खतौनी की नकल एवं अमरूद का पौधा भेंट कर परिवार को ढांढस बंधाया। दफेदार की मृत्यु 25 अप्रैल को हुई थी। जिलाधिकारी के निर्देश पर तेरहवीं से पूर्व ही मृतक की पत्नी रन्नो देवी तथा पुत्रों रनवीर सिंह, सुधीर पाल व सूरज पाल के नाम विरासत दर्ज कर दी गई। लेखपाल द्वारा खतौनी की प्रति भी मौके पर उपलब्ध कराई गई। डीएम ने कहा कि दुःख की इस घड़ी में जिला प्रशासन परिवार के साथ है और समय से विरासत दर्ज करना शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि परिवार को किसी अन्य योजना या सहायता की आवश्यकता हो तो प्रशासन को अवगत कराएं। साथ ही उन्होंने दिवंगत की स्मृति में फलदार पौधा रोपित करने की अपील करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि अविवादित फौती तेरहवीं से पूर्व हर हाल में दर्ज कराई जाए तथा वारिसों को संवेदना पत्र, खतौनी की नकल और पौधा उपलब्ध कराया जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित