मैनपुरी , जुलाई 11 -- मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत श्रीदेवी मेला एवं ग्राम सुधार प्रदर्शनी परिसर में आयोजित समारोह में 203 नवदंपतियों का विवाह संपन्न कराया गया। इनमें 14 मुस्लिम जोड़ों का निकाह भी उनके धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न हुआ। समारोह में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के सम्मान और सामाजिक समरसता को मजबूत करने वाली महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार प्रत्येक विवाह पर एक लाख रुपये की सहायता प्रदान कर रही है, जिससे गरीब परिवारों की बेटियों का सम्मानपूर्वक विवाह सुनिश्चित हो रहा है। उन्होंने जिलाधिकारी की उस पहल की भी सराहना की, जिसके तहत प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को जिला एवं ब्लॉक स्तर के अधिकारियों से जोड़ा गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें प्रशासनिक सहयोग मिल सके।

पूर्व मंत्री एवं विधायक रामनरेश अग्निहोत्री ने कहा कि यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हुई है और सामाजिक समानता को बढ़ावा दे रही है। वहीं, जिलाध्यक्ष ममता राजपूत ने नवदंपतियों से आपसी प्रेम, विश्वास और सम्मान के साथ वैवाहिक जीवन की शुरुआत करने का आह्वान किया।

जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक विवाह पर एक लाख रुपये व्यय किए जा रहे हैं। इसमें 64 हजार रुपये वधू के बैंक खाते में, 21 हजार रुपये की उपहार सामग्री तथा 15 हजार रुपये आयोजन एवं खानपान की व्यवस्था पर खर्च किए जाते हैं। समारोह के दौरान अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने नवदंपतियों को उपहार भेंट कर उनके सुखद दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित