मैनपुरी , जून 17 -- केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में बुधवार को मैनपुरी में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर आधारित भव्य चित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन भाजपा जिलाध्यक्ष ममता राजपूत, जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी एवं मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु ने फीता काटकर किया। प्रदर्शनी में केंद्र सरकार की 12 वर्षों की विकास यात्रा, महिला सशक्तिकरण, रोजगार सृजन, सांस्कृतिक विरासत संरक्षण, आधारभूत संरचना विकास, आध्यात्मिक केंद्रों के विस्तार, आंतरिक सुरक्षा तथा 'विकसित उत्तर प्रदेश-2047' से जुड़ी उपलब्धियों को चित्रों एवं आंकड़ों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष ममता राजपूत ने कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से जन-कल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन, उज्ज्वला योजना, डिजिटल इंडिया, मिशन शक्ति एवं ओडीओपी जैसी योजनाओं की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया है।
जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने कहा कि प्रदर्शनी शासन की योजनाओं और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने बताया कि जनपद में ट्रांजिट हॉस्टल, न्यायिक अधिकारियों के आवास, जलापूर्ति परियोजनाएं, जिला चिकित्सालय में 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक, विश्वस्तरीय ऑडिटोरियम, बहुउद्देशीय हॉल, म्यूजियम एवं ओपन थिएटर जैसे कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्य प्रगति पर हैं।
मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु ने कहा कि प्रदर्शनी में मैनपुरी की प्रमुख विकास परियोजनाओं को भी विशेष स्थान दिया गया है। उन्होंने बताया कि मैनपुरी सांस्कृतिक केंद्र, कला एवं संस्कृति परिसर, पेयजल परियोजनाओं, पुलिस लाइन बैरक तथा स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार संबंधी कार्यों की जानकारी प्रदर्शित की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित