मैनपुरी, नवंबर 10 -- मैनपुरी जिले के बेवर थाना क्षेत्र में बेवर-फर्रुखाबाद मार्ग पर मंगलवार दोपहर दहेड़ मोड़ के पास तीन बाइकों की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। घायलों में चार की हालत गंभीर है। पुलिस के अनुसार, बिछवां थाना क्षेत्र के जसरऊ गांव निवासी अतुल, दीपक और अंकुश बाइक से नीम करौरी धाम दर्शन करने गए थे। लौटते समय दहेड़ मोड़ के पास उनकी बाइक की फर्रुखाबाद के गुरुऊ शादी नगर निवासी जीतू, केशव और कृष्णा की बाइक से टक्कर हो गई। इसी दौरान खाद की बोरी लेकर गुजर रहे करपिया निवासी हिमांशु भी दुर्घटना की चपेट में आ गए।

हादसे में छह लोग घायल हुए। पुलिस ने सभी को बेवर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने कृष्णा को मृत घोषित कर दिया।

उन्होने बताया कि अतुल, दीपक, जीतू और केशव को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि हिमांशु को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। घायलों को रेफर किए जाने के करीब एक घंटे बाद तक सरकारी एंबुलेंस नहीं पहुंची। इससे नाराज परिजन जीतू और केशव को निजी पिकअप वाहन से जिला अस्पताल ले गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित