मैनपुरी , फरवरी 19 -- उत्तर प्रदेश में मैनपुरी जिले के बेवर थाना क्षेत्र में गुरुवार को जीटी रोड पर जयपुर डिपो की रोडवेज बस और गैस टैंकर के बीच आमने-सामने की भिड़ंत में दोनों चालकों समेत दस लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि फर्रुखाबाद से जयपुर जा रही बस सरस्वती ढाबे के पास पहुंचते ही अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे टैंकर से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लगभग एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। पुलिस ने घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उनका उपचार जारी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दुर्घटना की मुख्य वजह बस में तकनीकी खराबी थी। चालक रामदयाल के अनुसार बस की स्टेयरिंग लंबे समय से खराब चल रही थी और इस संबंध में डिपो अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया था, लेकिन समय पर मरम्मत नहीं कराई गई। आशंका है कि स्टेयरिंग फेल होने से चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और यह हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के दौरान गैस टैंकर का एक टायर फट गया, जिससे जोरदार धमाका हुआ और इलाके में गैस रिसाव की अफवाह फैल गई। धमाके की आवाज सुनकर यात्री और आसपास के लोग दहशत में आ गए और सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे। हालांकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति स्पष्ट की कि टैंकर से किसी प्रकार का गैस रिसाव नहीं हुआ है, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित