मैनपुरी , सितंबर 02 -- उत्तर प्रदेश में मैनपुरी जिले के किशनी थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह रामनगर तिराहे पर तेज रफ्तार प्राइवेट बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी मामूली रूप से घायल हो गईं।
पुलिस के अनुसार, इटावा जिले के नगला कढ़ोरी निवासी शीलेश यादव (35) अपनी पत्नी के साथ बाइक से किशनी क्षेत्र के चांदा गांव जा रहे थे। वहां उनके रिश्तेदार विजय यादव की मृत्यु हो गई थी और दंपति अंत्येष्टि में शामिल होने जा रहा था। बुधवार सुबह करीब आठ बजे रामनगर तिराहे के पास बेवर की ओर से आ रही प्राइवेट बस ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से शीलेश की पत्नी सड़क किनारे जा गिरीं, जबकि शीलेश बाइक समेत बस के अगले हिस्से में फंस गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस चालक ने वाहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन बाइक काफी दूर तक घिसटती चली गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के दुकानदारों और राहगीरों ने किसी तरह शीलेश को बस के नीचे से बाहर निकाला।
गंभीर रूप से घायल शीलेश को किशनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मिनी पीजीआई सैफई रेफर कर दिया। सैफई पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी पत्नी को मामूली चोटें आई हैं।
हादसे के बाद बस चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची किशनी पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित