मैनपुरी , फरवरी 28 -- उत्तर प्रदेश के मैनपुरी शहर के यादव मार्केट स्थित एक तीन मंजिला इमारत के बेसमेंट में शनिवार को अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी इमारत काले धुएं से घिर गई। हादसे में बेसमेंट में संचालित एक नर्सिंग होम, ई-रिक्शा गैरेज और चीनी गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इमारत के निचले हिस्से से धुआं निकलता देख संचालकों और दमकल विभाग को सूचना दी गई, लेकिन तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी।
आग की लपटों ने एकता नर्सिंग होम के फर्नीचर एवं उपकरणों, गैरेज में खड़े कई ई-रिक्शा तथा चीनी के बड़े स्टॉक को अपनी चपेट में ले लिया। राहत की बात यह रही कि अस्पताल में भर्ती मरीज समय रहते बाहर निकल गए, जिससे जनहानि टल गई।
सूचना पर फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए करहल से भी दमकल वाहन बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। स्थानीय पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित किया और राहत कार्य में सहयोग किया।
इमारत में सौतियाना नगला ताल निवासी प्रीतम सिंह का एकता नर्सिंग होम, सैदपुर भगोली निवासी विवेक कुमार चौहान का ई-रिक्शा गैरेज तथा कटरा निवासी अंशु का चीनी गोदाम संचालित था। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि प्रशासन और दमकल विभाग का कहना है कि नुकसान का वास्तविक आकलन विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित