मैनपुरी, अक्टूबर 31 -- उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की तहसील भोगांव के राजस्व ग्राम पुडरी में सात बीघा कृषि योग्य भूमि पर अवैध कब्जे का मामला पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के समक्ष पहुंचा है। शिकायतकर्ता ने राजस्व विभाग के अधिकारियों पर बार-बार प्रार्थना पत्र दिए जाने के बावजूद भूमि को कब्जामुक्त न कराने का आरोप लगाते हुए प्रकरण को प्रदेश सरकार के मिशन समाधान में शामिल कराने की मांग की है।प्रदेश सरकार के एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली(आई जी आर एस) पर भी चार साल से कई बार शिकायत की गयी ,पर हर बार अलग-अलग आख्या बिना शिकायत कर्ता से सम्पर्क किये लगा दी गयी। मंत्री को दिए गए प्रार्थना पत्र में शिकायतकर्ता नीरज कुमार ने बताया कि ग्राम पुडरी में उसकी सात बीघा कृषि योग्य भूमि है। इस संबंध में लेखपाल और राजस्व निरीक्षक को कई बार शिकायत करने के साथ ही मंत्री के माध्यम से भी प्रार्थना पत्र दिए गए, लेकिन इसके बावजूद भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त नहीं कराया गया। दो बार एक-एक हजार रुपये फीस जमा करके भी पैमाइश का प्रार्थना पत्र दिया गया उस पर भी तहसील कार्यालय ने कोई कार्यवाही नहीं की और शिकायत की पत्रावली चार साल से दबी हुई है। पत्रावली 16 जून 2022 को दी गयी थी।
शिकायत में गाटा संख्या 2209 में 0.4050 हेक्टेयर तथा गाटा संख्या 5281 में 0.1690 हेक्टेयर भूमि का उल्लेख किया गया है। शिकायतकर्ता ने लेखपाल देवेंद्र सिंह की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा है कि बार-बार शिकायत के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।पुडरी राजस्व ग्राम की भूमि पर दबंगों द्वारा कब्जा किये जाने की शिकायतों का निस्तारण नहीं हो रहा है। लेखपाल की भूमिका संदिग्ध है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित