मैनपुरी, सितम्बर 8 -- मैनपुरी जिले के दन्नाहार थाना क्षेत्र में मंगलवार को मैनपुरी-आगरा मार्ग पर हुमायूंपुर और बॉट्रॉली के बीच मथुरा रिफाइनरी से नेपाल जा रहा एलपीजी टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। बताया गया कि सड़क पर आए मवेशी को बचाने के प्रयास में चालक दिनेश चंद्र ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। हादसे में चालक सुरक्षित बाहर निकल आया, लेकिन टैंकर से एलपीजी का रिसाव शुरू हो गया। करीब 17 टन एलपीजी से भरे टैंकर से गैस रिसाव की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। प्रशासन और पुलिस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। किसी भी संभावित हादसे को देखते हुए घटनास्थल के आसपास करीब दो किलोमीटर का क्षेत्र सील कर दिया गया। प्रशासन की ओर से लाउडस्पीकर के माध्यम से आसपास के लोगों को आग नहीं जलाने, माचिस या सिगरेट का इस्तेमाल नहीं करने तथा बिजली के स्विच नहीं चलाने की हिदायत दी गई। आसपास के घरों, ढाबों और होटलों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित