मैनपुरी , सितंबर 29 -- राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन के न्यूट्रीसीरियल घटक तथा सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन (आत्मा) के तहत मैनपुरी से 90 कृषकों का दल पांच दिवसीय प्रशिक्षण एवं एक्सपोजर विजिट के लिए भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (आईएआरआई), पूसा, नई दिल्ली रवाना हुआ। जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने कृषकों के दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। तीन अक्टूबर तक चलने वाले इस एक्सपोजर विजिट में किसानों को श्री अन्न (मिलेट्स) की उन्नत खेती, उत्पादन, प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और पोषण संबंधी उपयोग की आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। किसानों को कृषि वैज्ञानिकों एवं विशेषज्ञों से सीधे संवाद करने और नवीन कृषि तकनीकों को करीब से समझने का अवसर भी मिलेगा। जिलाधिकारी ने किसानों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्री अन्न पोषण की दृष्टि से महत्वपूर्ण होने के साथ किसानों की आय बढ़ाने की भी अच्छी संभावनाएं रखता है। उन्होंने किसानों से प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को अपने खेतों में अपनाने और अन्य किसानों को भी वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में हो रहे नवाचार और अनुसंधान का लाभ किसानों तक पहुंचाना जरूरी है। ऐसे प्रशिक्षण एवं एक्सपोजर विजिट किसानों को नई तकनीकों को समझने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने में सहायक होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित