मैनपुरी , मई 17 -- उत्तर प्रदेश में मैनपुरी जनपद के थाना एलाऊ परिसर के मालखाने और विभिन्न मामलों के तहत जब्त किए गए वाहनों में रविवार को आग लग जाने से अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया।
देखते ही देखते आग की ऊंची लपटें उठने लगीं और पूरा थाना परिसर काले धुएं के गुबार से भर गया। आग की भयावहता को देखकर थाने में मौजूद पुलिसकर्मी तुरंत मौके की ओर दौड़े और अपने स्तर पर पानी, मिट्टी व परिसर में उपलब्ध अन्य संसाधनों की मदद से आग बुझाने के प्रयास में जुट गए। हालांकि, तेज धूप और गर्मी के कारण आग इतनी तेजी से फैली कि पुलिसकर्मियों के शुरुआती प्रयास नाकाफी साबित हुए।
गाड़ियां एक-दूसरे के बिल्कुल करीब खड़ी होने की वजह से आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल दमकल सेवा को सूचना दी गई, जिसके बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों और पुलिस की संयुक्त टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। गनीमत यह रही कि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे आग परिसर के पास ही बने पुलिसकर्मियों के आवासों तक नहीं पहुंच सकी, अन्यथा एक बहुत बड़ा हादसा हो सकता था। आग पूरी तरह शांत होने के बाद विभाग ने राहत की सांस ली।
थानाध्यक्ष अवनीश त्यागी ने बताया कि इस अग्निकांड में परिसर में खड़े चार जर्जर चारपहिया वाहन जलकर क्षतिग्रस्त हुए हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है। शुरुआती स्तर पर तेज गर्मी या शॉर्ट सर्किट को इसका कारण माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक वजह पूरी जांच प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित