रायपुर , अक्टूबर 26 -- छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के सातवें मुकाबले में रविवार रात मैनपाट टाइटन्स ने राजधानी रॉयल्स को 5-2 से पराजित कर दिया। प्रदीप मोर की अगुवाई वाली मैनपाट टाइटन्स की जीत से राजधानी रॉयल्स की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। मुकाबले में मोहित नायक ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्हें 'स्ट्राइकर ऑफ द मैच' और 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।

मैच देखने के लिए केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव, सांसद कमलेश जांगड़े, पूर्व मंत्री महेश गागड़ा और पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी नीता डूमरे भी पहुंचे। अतिथियों ने मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। उप मुख्यमंत्री साव लगातार तीसरे दिन अपनी व्यस्तताओं के बावजूद हॉकी स्टेडियम पहुंचे।

मुकाबले का पहला क्वार्टर अपेक्षाकृत धीमा रहा। दोनों टीमें अधिकांश समय मिडफील्ड में गेंद पर नियंत्रण बनाने में जुटी रहीं। क्वार्टर के अंतिम हिस्से में मैनपाट टाइटन्स ने आक्रामक रुख अपनाया और मनीष वट्टी ने सर्कल के भीतर मिले मौके को गोल में बदलकर टीम को बढ़त दिलाई।

राजधानी रॉयल्स ने रोशन के पास पर अनिकेत के गोल से बराबरी हासिल कर ली। इसके लगभग 30 सेकंड बाद रोशन ने मैनपाट के गोलकीपर अल्फाज खान को छकाकर गेंद गोल में पहुंचाई, लेकिन रेफरी ने इस गोल को अमान्य घोषित कर दिया। इसके बाद मैनपाट के संदीप ठाकुर ने मिडफील्ड से मिले बेहतरीन पास पर गोल कर टीम को हाफ टाइम तक 2-1 की बढ़त दिला दी।

दूसरे हाफ में मैनपाट टाइटन्स ने अपनी स्थिति मजबूत की। ललित ने दूर से स्कूप के जरिए गेंद रोशन तक पहुंचाई, जिसे रोशन ने गोल में बदल दिया। इसके बाद मोहित नायक ने रिवर्स फ्लिक से गोल कर मैनपाट की बढ़त बढ़ा दी। प्रिंस ने भी गोल दागकर टीम को निर्णायक बढ़त दिलाने में योगदान दिया। राजधानी रॉयल्स इसके बाद वापसी नहीं कर सकी।

रॉयल्स के लिए पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलने में नाकामी भी हार का एक प्रमुख कारण रही। टीम इन मौकों का फायदा नहीं उठा सकी और मुकाबला हार गयी।

छत्तीसगढ़ हॉकी लीगए के एक अन्य मैच में न्यायधानी नाइट्स ने बैलाडीला बुल्स को 4-1 से हराकर सेमीफाइनल की ओर मजबूत कदम बढ़ाया। न्यायधानी नाइट्स ने अब तक खेले गए अपने तीनों मुकाबलों में जीत दर्ज की है और अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई है। वहीं, बैलाडीला बुल्स को अब तक जीत नहीं मिली है और टीम अंक तालिका के निचले हिस्से में बनी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित