तुर्सुनजोदा , जून 06 -- भारतीय फुटबॉल टीम को शुक्रवार को खेले गये मैत्री मुकाबले में ताजिकिस्तान से 3-1 से हार का सामना करना पड़ा। यह जून के फीफा अंतरराष्ट्रीय विंडो के दौरान होने वाले दो 2026 अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल फ्रेंडली मैचों में से पहला मैच था। शेरिद्दीन बोबोएव ने (नौंवे), मेहरूबोन करीमोव ने (62वें) और एहसोनी पन्शानबे ने (68वें) मिनट में मेजबान टीम के लिए गोल किये। जबकि फारुख चौधरी ने (89वें) मिनट में डायरेक्ट फ्री-किक से गोल करके भारत को सांत्वना गोल दिलाया।
लंदन में यूनिटी कप में जमैका और जिम्बाब्वे से हारने के बाद भारत की यह लगातार तीसरी हार थी। खालिद जमील की कोचिंग वाली भारतीय टीम लंदन से सीधे तजाकिस्तान पहुंची थी। ताजा फीफा फुटबॉल रैंकिंग में 137वें स्थान पर मौजूद भारत ने शुरुआत में ही दुनिया की 103वें नंबर की टीम तजाकिस्तान पर दबाव बनाने का प्रयास किया, लेकिन मेजबान टीम के 'हाई प्रेस' का सामना करना उनके लिए मुश्किल रहा। नए मुख्य कोच इगोर एंजेलोव्स्की की देखरेख में अपना पहला मैच खेल रही तजाकिस्तान टीम सहज दिखी और गेंद पर अधिकतर समय कब्जा जमाये रखा। वे पहले 10 मिनट में ही आगे हो गए, जब भारतीय मिडफील्डर लुइस निक्सन ने पेनल्टी एरिया के अंदर फाउल किया, जिसके बाद रेफरी ने ताजिकिस्तान को पेनल्टी दे दी।
शेरिद्दीन बोबोएव ने भारतीय गोलकीपर और कप्तान गुरप्रीत सिंह संधू को छकाते हुए स्पॉट किक को गोल में बदला और मेजबान टीम को बढ़त दिलाई। यही गोल पहले हाफ का एकमात्र गोल साबित हुआ। 41वें मिनट में भारत के पास बराबरी करने का शानदार मौका था, जब आकाश मिश्रा ने ताजिकिस्तान के बॉक्स में खतरनाक स्थिति में खड़े विंगर लालियानज़ुआला छांगटे को एक अच्छा क्रॉस दिया। हालांकि, उनका हेडर सीधे गोलकीपर के हाथों में चला गया। चोट के कारण रयान विलियम्स के मैच से बाहर रहने के कारण, भारतीय फॉरवर्ड छांगटे और विक्रम प्रताप सिंह ने विंग्स पर ज़ोरदार दौड़ तो लगाई, लेकिन बॉल पर कब्ज़ा बनाए रखने में वे चूक गए।
दूसरे हाफ में मेजबान टीम ने दबाव बढ़ाया और मेहरूबोन करीमोव के ज़रिए निर्णायक दूसरा गोल किया; उन्होंने एक घंटे के खेल के बाद फ्री-किक पर हेडर से गोल किया। कुछ मिनट बाद, एहसोनी पन्शानबे ने ओपन प्ले से गोल करके अपनी बढ़त और बढ़ा दी और लगभग मैच का नतीजा तय कर दिया। फ़ारुख चौधरी ने एक लो-ड्रिवन फ़्री-किक को गोल के निचले बाएँ कोने में डालकर मेहमान टीम के लिए देर से एक सांत्वना गोल किया।
आमने-सामने के छह मुकाबलों में तजाकिस्तान की पुरुष फ़ुटबॉल टीम की भारत पर यह चौथी जीत थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित