वाराणसी , मई 31 -- त्तर प्रदेश में वाराणसी की साइबर क्राइम पुलिस टीम ने मैट्रीमोनियल वेबसाइट के माध्यम से महिलाओं को फंसाकर साइबर ठगी करने वाले दो शातिर अपराधियों को बिहार के मोतिहारी से गिरफ्तार किया है। इनके पास से घटना में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन और नकदी भी बरामद की गई है।

पकड़े गए दोनों अपराधी बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के रहने वाले हैं। इनमें विजय कुमार (28) आठवीं पास है, जबकि दूसरा आरोपी रोहित रंजन (19) बीटेक की पढ़ाई कर रहा था।

सहायक पुलिस आयुक्त (साइबर अपराध) विदुष सक्सेना ने बताया कि आरोपियों ने सबसे पहले विभिन्न मैट्रीमोनियल वेबसाइटों पर फर्जी प्रोफाइल बनाए। इसके बाद भोली-भाली महिलाओं युवतियों से दोस्ती का बहाना बनाकर उन्हें अपने जाल में फंसाया।

वे खुद को विदेश में बड़े व्यवसायी बताते हुए महिलाओं को गिफ्ट के रूप में पार्सल भेजने का झांसा देते थे, जिसमें महंगी घड़ियां, मोबाइल फोन, ज्वेलरी आदि होने का दावा किया जाता था। पार्सल रिसीव करने के लिए फर्जी कस्टम अधिकारी, फर्जी जीएसटी अधिकारी और फर्जी ड्रग अधिकारी बनकर उनके गैंग के अन्य सदस्यों द्वारा मोटी रकम की अवैध वसूली की जाती थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित