बेंगलुरु , सितंबर 11 -- विश्व नंबर एक मैग्नस कार्लसन ने कैंडिडेट्स 2026 के विजेता जावोखिर सिंदारोव के लगातार तीन जीत के सिलसिले को समाप्त किया, जबकि विदित गुजराती ने डेनियल डुबोव को रूक-नाइट एंडगेम में मात दी। इन दोनों की जीत की बदौलत गत चैंपियन एल्पाइन एपीएल पाइपर्स ने शुक्रवार को बेंगलुरु में जारी ग्लोबल चेस लीग (जीसीएल) के नौवें और अंतिम राउंड से पहले के राउंड में शीर्ष दो टीमों की भिड़ंत में एफवाईईआरएस अमेरिकन गैम्बिट्स को 9-7 से हरा दिया। जीसीएल टेक महिंद्रा और फिडे की संयुक्त पहल है।

नौवें दौर से पहले पाइपर्स और अमेरिकन गैम्बिट्स के बराबर मैच अंक और गेम अंक थे। ऐसे में फाइनल में जगह बनाने की अपनी दावेदारी मजबूत करने के लिए दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला जीतना बेहद महत्वपूर्ण था।

प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए कार्लसन ने आइकन बोर्ड पर सिंदारोव के खिलाफ पूरे मुकाबले में दबदबा बनाए रखा और 36 चालों के बाद उज्बेक खिलाड़ी को हार मानने के लिए मजबूर कर दिया। कार्लसन ने कहा, "सबसे पहले, मुझे लगता है कि यह एक शानदार मुकाबला था और पूरी टीम ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया। हम जीत से बेहद खुश हैं। मेरे खेल में शुरुआत में स्थिति काफी अच्छी थी, लेकिन उन्होंने (सिंदारोव) कड़ा संघर्ष किया। हालांकि, मैं मुश्किल स्थिति से निकलने में सफल रहा और जीत हासिल की।"कार्लसन ने कहा कि ट्रॉफी के असली हकदार विदित थे और इसके बाद उन्होंने प्लेयर ऑफ द मैच की ट्रॉफी भारतीय ग्रैंडमास्टर को सौंप दी। सुपरस्टार पुरुष बोर्ड पर विदित और डुबोव के बीच मुकाबला टाइम-स्क्रैम्बल तक पहुंच गया, लेकिन भारतीय ग्रैंडमास्टर ने अपना संयम बनाए रखा। उन्होंने अतिरिक्त नाइट और प्यादे का रूक के मुकाबले शानदार इस्तेमाल किया और 96 चालों तक चले लंबे मुकाबले में जीत हासिल की। विदित की इस जीत से पाइपर्स ने अमेरिकन गैम्बिट्स पर इस सीजन में लगातार दूसरी जीत दर्ज की।

महिला विश्व कप विजेता दिव्या देशमुख के लिए अपनी पहली जीसीएल में संघर्ष जारी रहा। वह शुक्रवार को अपनी टीम के लिए एकमात्र हार का सामना करने वाली खिलाड़ी रहीं। बिबिसारा असाउबायेवा के खिलाफ मुकाबले में दिव्या 34वीं चाल पर समय समाप्त होने के कारण हार गईं।

दो निचले पायदान की टीमों के बीच हुए मुकाबले में दो बार की चैंपियन त्रिवेणी कॉन्टिनेंटल किंग्स ने पीबीजी अलास्कन नाइट्स को आसानी से मात दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित