क्राइस्टचर्च , अक्टूबर 25 -- न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ दूसरे टी 20 में 181 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम एक समय 70 रन पर पांच विकेट गंवाकर गहरे संकट में थी। ऐसी मुश्किल परिस्थिति में तिलक वर्मा ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली और नमन धीर एवं नीतीश कुमार रेड्डी के साथ मिलकर भारत को मैच में बनाए रखा। तिलक और रेड्डी ने सातवें विकेट के लिए महज़ 31 गेंदों पर 69 रन की अटूट साझेदारी करके भारत को चार विकेट से जीत दिलाई। यह पुरुष टी20 में भारत की ओर से सातवें या उससे निचले विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है। साथ ही, भारत ने पांचवां विकेट गिरने के बाद 111 रन बनाए, जो टी20 में उसका इस स्थिति से सबसे बड़ा सफल रन चेज़ है।
मैच के हीरो रहे तिलक वर्मा ने 26 गेंदों पर नाबाद 51 रन बनाए। प्लेयर ऑफ़ द मैच चुने जाने के बाद तिलक ने कहा, "जब मैं बल्लेबाज़ी के लिए उतरा, तो मरा ध्यान सिर्फ़ आख़िरी गेंद तक टिके रहने पर था। आज के मैच से पहले मेरी गौतम (गंभीर) सर और (सितांशु) कोटक सर से बात हुई थी। उन्होंने कहा था कि पूरे देश को तुम पर भरोसा है और अगर तुम अंत तक खड़े रहे, तो हम यह मैच जीत सकते हैं।"पिच पहले मैच जैसी नहीं थी, जहां 225 रनों के लक्ष्य को भारत ने दो गेंद शेष रहते हासिल कर लिया था। इस पिच पर गेंद रुककर आ रही थी और मिचेल सैंटनर की अगुवाई में न्यूज़ीलैंड के स्पिनरों ने भारतीय मध्य क्रम को जकड़ लिया था। सैंटनर ने 21 रन देकर चार विकेट झटके। 15वें ओवर में जब धीर (17 गेंदों पर 31 रन) आउट हुए, तब भारत का स्कोर छह विकेट पर 112 रन था और टीम को आख़िरी पांच ओवरों में 68 रन बनाने थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित