चंडीगढ़ , अगस्त 05 -- पंजाब सतर्कता ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसएएस नगर (मोहाली) के उपायुक्त कार्यालय की आरआईए शाखा में तैनात वरिष्ठ सहायक को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

ब्यूरो के प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि यह कार्रवाई जिला गुरदासपुर के बटाला तहसील के गांव चिट निवासी एक व्यक्ति द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर की गयी।शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी वरिष्ठ सहायक भूपिंदर कौर ने मोहाली के सेक्टर-111/112 स्थित स्काई रॉक वेलफेयर सोसाइटी में नीलामी के माध्यम से प्लॉट आवंटित कराने के बदले उससे 08 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी।

शिकायत की जांच के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में आरोपी भूपिंदर कौर को शिकायतकर्ता से एक लाख रुपये की रिश्वत स्वीकार करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

इस संबंध में विजिलेंस ब्यूरो थाना, एसएएस नगर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित