मीरपुर , मई 10 -- मेहदी हसन मिराज (पांच विकेट) के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत बंगलादेश ने पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन पाकिस्तान को पहली पारी में 386 के स्कोर पर समेट कर अपनी टीम को 27 रनों की बढ़त दिला दी। स्टंप के समय बंगलादेश ने दूसरी पारी में बिना कोई विकेट खोए सात रन बना लिये और उसकी कुल बढ़त 34 रन हो गई है। आज यहां पाकिस्तान ने कल के एक विकेट पर 179 रन से आगे खेलना शुरु किया। सुबह के सत्र में तस्कीन अहमद ने अपना शतक पूरा कर चुके अजान अवैस को आउट कर बंगलादेश को दूसरी सफलता दिलाई। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये शान मसूद (नौ) को भी तस्कीन ने आउट किया। सऊद शकील (शून्य) को मिराज ने पगबाधा आउट किया। अब्दुल्लाह फ़ज़ल (60) रन को भी मिराज ने अपना शिकार बनाया। पाकिस्तान का छठा विकट मोहम्मद रिजवान (59) के रूप में गिरा। इसके बाद नाहिद राणा ने आग़ा सलमान (58) को आउट कर पेवलियन भेज दिया। नोमान अली (दो) और शाहीन शाह अफरीदी (13) को मिराज ने आउट किया। 100.3वें ओवर में तैजुल इस्लाम ने हसन अली (छह) को बोल्ड कर पाकिस्तान की पहली पारी का 386रन के स्कोर पर अंत कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित