कोलकाता , जुलाई 07 -- पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार के पूर्व खेल मंत्री अरूप बिस्वास से मंगलवार को बिधाननगर पुलिस ने फुटबॉल दिग्गज लियोनेल मेसी के साल्ट लेक स्टेडियम दौरे से जुड़े जबरन वसूली और धोखाधड़ी के मामले में पूछताछ की।
गौरतलब है कि पूर्व खेल मंत्री कार्यक्रम के आयोजक शताद्रु दत्ता की शिकायत पर जांच अधिकारियों द्वारा जारी नये समन के जवाब में बिधाननगर (दक्षिण) पुलिस स्टेशन पहुंचे।
विश्वास से जांचकर्ताओं ने उन आरोपों के बारे में पूछताछ की जो उन्होंने कार्यक्रम के लिए बड़ी संख्या में मुफ्त टिकट और मान्यताप्राप्त पास मांगे थे। वे इन दावों की भी जांच कर रहे हैं कि मेसी के दौरे के दौरान कई अनधिकृत लोगों को स्टेडियम के प्रतिबंधित क्षेत्रों में जाने की अनुमति दी गई थी। बिस्वास से एक बार फिर यह बताने को कहा गया कि वह फुटबॉलर के चारों ओर बने सुरक्षा घेरे के अंदर कैसे पहुंचे। माना जा रहा है कि जांचकर्ताओं ने प्रतिबंधित क्षेत्र में उनके प्रवेश की अनुमति देने वाले दस्तावेज या आधिकारिक मंजूरी मांगी है।
पश्चिम बंगाल के पूर्व खेल मंत्री को टेलीविजन चैनलों द्वारा प्रसारित और सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो फुटेज में मेसी के बगल में खड़े उनके कंधे पर हाथ रखे और तस्वीरें खिंचवाते हुए दिखाया गया है। यह फुटेज जांचकर्ताओं द्वारा जांच की जा रही सामग्री का हिस्सा है। पुलिस ने उनसे अर्जेंटीना के कप्तान के करीब मैदान पर उनके परिवार के कुछ सदस्यों की मौजूदगी के बारे में भी पूछताछ की। एक जांच अधिकारी ने बताया कि बिस्वास का कहना था कि उन्हें दूसरों के कार्यों के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित