अलवर, अप्रैल 11 -- राजस्थान के अलवर शहर में गुरुवार रात सड़क नंबर दो पर स्थित मेव बोर्डिंग पर पेट्रोल बम फेंकने के मामले में दो जनों को गिरफ्तार किया है। हालांकि इस घटना ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी थी। ये घटना उसी रात हुई जब अग्रसेन सर्किल पर गोवंश के कटे अवशेष मिले थे।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला और भी गंभीर हो गया। इस संवेदनशील प्रकरण को लेकर मेव सदर की ओर से कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई और जांच तेज कर दी।

कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में दो आरोपियों को शुक्रवार की रात को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी की पहचान प्रवीण गुर्जर के रूप में हुई है, जो अखेपुरा थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है। इसी के साथ पुलिस ने अमरजीत उर्फ नोनू को भी गिरफ्तार किया है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है।

अलवर शहर की एडिशनल एसपी प्रियंका रघुवंशी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और अन्य गतिविधियों पर पुलिस की लगातार नजर बनी हुई थी। किसी भी व्यक्ति द्वारा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की जाती है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है जो भी धार्मिक सोहर बिगड़ने की कोशिश करेगा उसके खिलाफ कानून के हिसाब से कार्रवाई की जाएगी चाहे भले हुए किसी भी संप्रदाय से हो। उन्होंने बताया कि इस मामले की जांच की जा रही है कि इन्होंने साजिशन यह काम किया है या हुड़दंगता के लिए यह काम किया है।

पुलिस फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और अन्य संदिग्धों की तलाश भी जारी है। घटना के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने। प्रशासन ने आमजन से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।

यहां उल्लेखनीय है कि अलवर शहर कोतवाली थाना क्षेत्र में रोड नंबर दो स्थित मेव बोर्डिंग में गुरुवार की रात करीब डेढ़ बजे पेट्रोल बम फेंके जाने का मामला दर्ज हुआ था। मेव पंचायत के अध्यक्ष साजिद पुत्र शेर मोहम्मद ने एक सीसीटीवी भी पेश कर पुलिस को बताया था कि जिसमें बाइक सवार तीन युवक घटना को अंजाम करते नजर आ रहे है । उन्होंने बताया कि एक बाइक पर तीन जने जा रहे थे जिसमें एक युवक ने पेट्रोल बॉम्ब फेंका इसके बाद वहां आग लग गई जिसमें गेट के पास खड़ी एक बाइक में आग लग गई जिसमें बाइक में लगा थैला जलकर राख हो गया और बड़ी मुश्किल से बाइक की आग बुझाई गई और गेट में भी आग लग गई। इस घटना के बाद जैसे ही वहां ब्लास्ट हुआ वैसे ही गार्ड ने शोर मचाया और मेव बोर्डिंग में रहने वाले बच्चे और नमाजी जाग गए ।उन्होंने मुझे सूचना दी। सूचना देने के बाद मैं मौके पर पहुंचा और सीसीटीवी कैमरे देखे जिसमें इस घटना को अंजाम देते हुए तीन युवक दिखाई दे रहे हैं।उन्होंने इनमें तीनों ही युवकों को पहचान लिया। अलवर शहर कोतवाली में दर्ज कराए मुकदमे में तीनों को नाम जद किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित