मुंबई , मई 20 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मेजबान इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी का एक वीडियो समाने आने के बाद बुधवार को एफएमसीजी कंपनी पारले इंडस्ट्रीज का शेयर छह मिनट में छह प्रतिशत उछल गया।
श्री मोदी पांच देशों की यात्रा के अंतिम चरण में इटली के दौरे पर सुश्री मेलोनी से मुलाकात की। मेजबान प्रधानमंत्री ने इस मुलाकात के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा किया है जिसमें श्री मोदी भी उनके साथ हैं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में दिखाया है कि उन्हें भारतीय प्रधानमंत्री से क्या उपहार मिला है। यह पारले प्रोडक्ट्स के मेलोडी ब्रांड चॉकलेटी टॉफी का एक पैकेट था।
इस वीडियो के वायरल होने के बाद इस पर देश में बहस छिड़ गयी और पारले इंडस्ट्रीज का (पारले प्रोडक्ट्स नहीं) जो शेयर दोपहर 12.16 बजे 4.95 रुपये पर था, उछल कर अगले छह मिनट में 5.86 प्रतिशत बढ़कर 5.24 रुपये पर पहुंच गया। यह शेयर मंगलवार को पांच रुपये पर बंद हुआ था और आज सुबह गिर कर 4.95 रुपये के भाव पर खुला था। उछाल से पहले एक समय यह 4.84 रुपये तक उतर गया था।
इस वीडियो के सामने आने के बाद कंपनी के शेयर में अचानक उछाल दर्ज किया गया। खबर लिखे जाते समय कंपनी का शेयर 5.25 रुपये पर था।
कंपनी की स्थापना हाउस ऑफ पारले प्रोडक्ट्स नाम से साल 1928 में मुंबई के विले पार्ले में हुई थी और पहली फैक्ट्री 1929 में लगी। इसके संस्थापक मोहनलाल दयाल गुजरात के वलसाड के निकट पार्डी के रहने वाले थे और काम की तलाश में मुंबई आये थे। वह पेशे से दर्जी थे, लेकिन उस काम में मुनाफा कम होने के कारण उन्होंने कॉन्फेक्शनरी के क्षेत्र में हाथ आजमाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित