डुनेडिन , मार्च 08 -- मेली केर (34 रन देकर सात विकेट) के ऐतिहासिक गेंदबाजी प्रदर्शन की बदौलत न्यूजीलैंड ने रविवार को डुनेडिन के यूनिवर्सिटी ओवल में दूसरे एकदिवसीय मैच में जिम्बाब्वे को आठ विकेट से शिकस्त दी। इसी के साथ केर ने जैकी लॉर्ड के 44 साल पुराने रिकार्ड को भी तोड़ दिया।
न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। केर ने 34 रन देकर सात विकेट झटके और जिम्बाब्वे को मात्र 102 रन पर समेट दिया, जिससे जैकी लॉर्ड का 44 साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया। लॉर्ड ने आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 1982 में भारत के खिलाफ 6/10 का रिकॉर्ड बनाया था, जो इससे पहले एकदिवसीय में न्यूजीलैंड की किसी महिला का सबसे अच्छा गेंदबाजी प्रदर्शन था।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की वेबसाइट के अनुसार यह महिला एकदिवसीय में सात विकेट लेने का सातवां मौका था। केर इस उपलब्धि के साथ पाकिस्तान की साजिदा शाह, इंग्लैंड की जो चेम्बरलेन, वेस्ट इंडीज की अनीसा मोहम्मद और ऑस्ट्रेलियाई तिकड़ी अलाना किंग, एलिस पेरी और शेली निट्स्के की सूची में शामिल हो गईं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित