सहारनपुर , सितंबर 8 -- सहारनपुर के ऐतिहासिक गुघाल मेले के आयोजन के लिए नगर निगम बोर्ड ने वर्ष 2026-27 के लिए एक करोड़ 99 लाख रुपये के मूल बजट तथा तीन करोड़ 65 लाख रुपये के अनुमानित आय बजट को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही मेले का ठेका तीन वर्ष के लिए देने के प्रस्ताव पर भी बोर्ड ने मुहर लगा दी।
महापौर डॉ. अजय कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को सर्किट हाउस में हुई नगर निगम बोर्ड की बैठक में सहायक लेखाधिकारी राजीव कुशवाह ने मेला गुघाल वर्ष 2026-27 के लिए अनुमानित एक करोड़ 99 लाख रुपये का मूल बजट और तीन करोड़ 65 लाख रुपये का अनुमानित आय बजट प्रस्तुत किया, जिसे सदन ने पारित कर दिया। यह बजट कार्यकारिणी समिति द्वारा पूर्व में ही सर्वसम्मति से पारित किया जा चुका था।
बैठक में मेले का ठेका तीन वर्ष के लिए देने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। इसके अलावा मेला गुघाल के लिए संयोजक और सहसंयोजक नियुक्त करने का अधिकार उपसभापति मयंक गर्ग के सुझाव पर सदन ने सर्वसम्मति से महापौर को सौंप दिया।
नगर निगम के अनुसार, पिछले वर्ष मेले का मूल बजट एक करोड़ 42 लाख रुपये था, जिसे इस वर्ष बढ़ाकर एक करोड़ 99 लाख रुपये किया गया है। इस तरह पिछले वर्ष की तुलना में मेले की व्यवस्थाओं पर करीब 57 लाख रुपये अधिक खर्च किए जाएंगे।
सदन ने मेला गुघाल के पार्किंग और पथ प्रकाश के ठेके एक साथ देने के प्रस्ताव को भी मंजूरी प्रदान की। बैठक में पार्षद अभिषेक अरोड़ा टिंकू, नीरज शर्मा, दिग्विजय चौहान, मंसूर बदर, मुकेश गक्खड़ और चौधरी वीरसेन सिद्धू ने मेले से संबंधित विभिन्न सुझाव दिए और चर्चा में हिस्सा लिया।
पार्षदों की जिज्ञासाओं का जवाब देते हुए महापौर डॉ. अजय कुमार ने मेला गुघाल का ठेका तीन वर्ष के लिए दिए जाने के कारणों और इससे संबंधित शर्तों की विस्तार से जानकारी दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित