बैतूल , सितंबर 27 -- सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत 'मेरे सपनों का भारत' विषय पर आयोजित जिला स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में जिले के तीन विद्यार्थियों का चयन राज्य स्तरीय समारोह एवं प्रदर्शनी के लिए किया गया है।
भोपाल में चार अक्टूबर को होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम में चयनित विद्यार्थी जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन जेएच कॉलेज के अटल सभागृह में किया गया, जिसमें जिले के 10 विकासखंडों से 59 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने विकसित भारत-2047 की अपनी कल्पनाओं को चित्रों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। चित्रों में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों को भी स्थान दिया गया।
प्रभारी शिक्षक महेश गुंजेले ने बताया कि माध्यमिक स्तर पर घोड़ाडोंगरी विकासखंड के माध्यमिक शाला पुनजी कैंप के कक्षा आठवीं के आयुष हलदार ने प्रथम, शासकीय माध्यमिक विद्यालय बघोली के कक्षा छठवीं के मोहित बारस्कर ने द्वितीय तथा शासकीय एकीकृत माध्यमिक शाला बारव्ही की कक्षा आठवीं की तेजस्विनी घोटे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
हाईस्कूल-हायर सेकंडरी स्तर पर शासकीय हाईस्कूल निश्चितपुर, घोड़ाडोंगरी की कक्षा नौवीं की रुचिका पोद्दार प्रथम, शासकीय सांदीपनी विद्यालय शाहपुर की कक्षा दसवीं की खुशी सलामे द्वितीय तथा पीएमश्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मुलताई की कक्षा नौवीं की नीलम उइके तृतीय रहीं।
जिला स्तर पर चयनित श्रेष्ठ चित्रों को राज्य स्तरीय मुख्य समारोह एवं प्रदर्शनी के लिए भेजा गया है। प्रत्येक जिले से चयनित तीन चित्रों में से राज्य स्तर पर अंतिम चयन किया जाएगा। चयनित तीन विद्यार्थी भोपाल में 'मेरे सपनों का भारत' विषय पर अपनी कल्पनाओं को चित्रकला के माध्यम से प्रस्तुत करेंगे।
प्रतियोगिता में वरिष्ठ चित्रकार निमिषा शुक्ला, संजय डफरे, हरिहर ढोमने और मैथ्यूस पॉल ने निर्णायक के रूप में सहयोग किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लिया। शासकीय ईएफए विद्यालय बैतूल गंज की छात्राओं ने सरस्वती वंदना, वंदेमातरम् और स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित